भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में राष्ट्रगान के बाद तिरंगा फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संविधान, लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की रक्षा के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता दोहराई।
पटवारी ने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। कांग्रेस की विचारधारा आज भी समानता, सामाजिक न्याय और बंधुत्व के मूल्यों के लिए प्रेरणा देती है। उन्होंने रोजगार, शिक्षा और युवाओं के भविष्य को देश के सामने प्रमुख चुनौतियां बताते हुए कहा कि राहुल गांधी युवाओं के रोजगार और शिक्षा के अवसरों की रक्षा के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य कर रहे हैं।
प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पटवारी ने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा तक भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना संघर्ष और तेज करेगी। उन्होंने मध्यप्रदेश में केजी से पीजी तक प्रत्येक बच्चे के लिए निःशुल्क, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी अनिवार्य शिक्षा की मांग की।मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद भाजपा नेताओं द्वारा कथित रूप से कार्यक्रम स्थल के शुद्धिकरण की घटना को उन्होंने संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुसूचित जाति-जनजाति और आम नागरिकों का अपमान बताया तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पटवारी ने दतिया, विजयपुर और बुधनी के मतदाताओं का आभार जताते हुए किसानों, युवाओं, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इसके बाद पटवारी ने कार्यकर्ताओं को मिठाई वितरित की।
