जबलपुर: सफल सरकार वही होती है, जिसके पास संख्या बल तो हो, लेकिन उससे कहीं बड़ा जनता का आशीर्वाद हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकारें जनता के छोटे से छोटे विषय की चिंता करते हुए काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान इसी का उदाहरण है, जिसमें सरकार जनता के बीच जाकर अपनी योजनाओं का लाभ पहुंचने के साथ-साथ अपनी कमियां और जनता के सुझाव भी सुन रही है।यह बातें लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जबलपुर उत्तर विधानसभा का क्षेत्र भ्रमण करने के बाद विजय नगर स्थित अग्रसेन मंडपम में आयोजित जन संवाद एवं उद्यम संवाद के कार्यक्रम के दौरान कहीं।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरूआत लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के दल ने जिला अस्पताल के निरीक्षण से की। जिला अस्पताल के निरीक्षण के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के इस दल ने राइट टाउन स्थित एमएलबी स्कूल में छात्राओं से संवाद किया तथा समीप स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। बाद में रानीताल स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में खिलाडिय़ों के साथ संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया। दल ने कोतवाली थाना का निरीक्षण भी किया तथा शीतलपुरी स्थित वरिष्ठ नागरिक उद्यान में वनिष्ठ नागरिकों से संवाद करने के बाद पौधारोपण किया।
करीब छह माह तक चलने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दूसरे शुक्रवार के क्षेत्र भ्रमण का विजय नगर स्थित अग्रसेन मंडपम में जन संवाद एवं उद्यम संवाद के कार्यक्रम के साथ समापन हुआ। सरकार जनता के द्वार में 7,165 में से 3,885 शिकायतों का निराकरण हुआ। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से हर शुक्रवार सरकार जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रही है। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह में विधानसभा क्षेत्र की 7 हजार से अधिक लंबित शिकायतों में से करीब 54 प्रतिशत का निराकरण किया गया है। केवल शुक्रवार को ही करीब 4 प्रतिशत शिकायतों का समाधान किया गया, जो बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि योजना ने छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। समय पर 15 हजार रुपए का ऋण चुकाने पर 25 हजार और इसके बाद 50 हजार रुपए तक का ऋण मिलता है। नगर निगम जबलपुर में पिछले 9 माह में करीब 13 हजार हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि के तहत 31 करोड़ रुपए के ऋण दिलाए गए हैं। इस उपलब्धि के साथ जबलपुर देश में तीसरे स्थान पर रहा है। अब लक्ष्य जबलपुर को देश में पहले स्थान पर लाना है।
सरकार की जवाबदेही जनता के प्रति है: पांडे
विधायक डॉ. पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान सरकार की अनूठी पहल है। जनता ने सरकार चुनी है तो सरकार की जवाबदेही भी जनता के प्रति है। इसी जवाबदेही को स्थापित करने के लिए अधिकारी-कर्मचारी जनता के घर और वार्डों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं पूछ रहे हैं और समाधान का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर विधानसभा के 20 वार्डों में पिछले सात दिनों से पोर्टल के माध्यम से मैन-टू-मैन वर्किंग कर समस्याओं को चिन्हित किया जा रहा है।
सीधे समस्याएं रखें, हितग्राहियों को चेक प्रदान
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि अभियान में खाद्य, पात्रता पर्ची, आंगनवाड़ी, राजस्व, साफ-सफाई, अतिक्रमण सहित आमजन से जुड़े सभी सेवाओ को शामिल किया गया है। उद्यम संवाद में उद्यमियों की समस्याएं और उनकी यात्रा को समझकर संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान किया जा रहा है। वहीं जन संवाद में नागरिक अपनी योजनाओं, सेवाओं और शिकायतों से जुड़ी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों को लोन स्वीकृति, संबल योजना के हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता राशि एवं उद्यम क्रांति योजना के हितग्राही को चेक प्रदान किया।
स्टॉलों का अवलोकन
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत विजय नगर स्थित अग्रसेन मंडपम में आयोजित किये गये उद्यम संवाद कार्यक्रम में नागरिकों और उद्यमियों से संवाद करने के पहले लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने उद्यमियों द्वारा अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने लगाये गये स्टॉलों का निरीक्षण किया।
कोतवाली थाने का लिया जायजा
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अभिलाष पांडे, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के साथ कोतवाली थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण मंत्री सिंह ने मालखाना, पुरुष बंदीगृह एवं ऊर्जा डेस्क का जायजा लिया। उन्होंने थाने में जब्त रखे वाहनों की जानकारी लेते हुए जब्त ऑटो एवं अन्य वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही 15 वर्ष से पुराने हो चुके जब्त वाहनों को भी नियमानुसार डिस्पोज करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ नागरिक उद्यान में पौधारोपण और संवाद
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शुक्रवार को शीतलपुरी स्थित वरिष्ठ नागरिक उद्यान का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्यान में नीम और बरगद के पौधे रोपा तथा वरिष्ठ नागरिकों से संवाद भी कियार्।
