
इंदौर. स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जोन 2 पुलिस ने ऑपरेशन सेफ जोन शुरू किया है. पुलिस ने होटल-ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की जांच के साथ संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है. प्रमुख मार्गों पर वाहन चेकिंग और रात में गश्त भी बढ़ाई गई है.
जोन 2 के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट की जांच की. यहां ठहरे लोगों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई, इस दौरान पुलिस का विशेष फोकस उन स्थानों पर है, जहां स्वतंत्रता दिवस के दौरान भीड़ अधिक रहती है. इसके अलावा प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है. पुलिस संदिग्ध वाहनों के साथ वाहन चालकों की भी जांच कर रही है. संवेदनशील और हॉटस्पॉट वाले इलाकों में पुलिस की आवाजाही बढ़ाई गई है. पुलिस टीमों को पुराने अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए हैं. थाना स्तर पर लगातार गश्त की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी. मामले में डीसीपी जोन 2 अमन सिंह राठौड़ ने नव भारत को बताया कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है. होटल-ढाबों, संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मार्गों पर लगातार चेकिंग की जा रही है. संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
