‘तेरा तुझको अर्पण’ अभियान बना खुशियों की सौगात

ग्वालियर: स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ग्वालियर पुलिस ने ऐसा उपहार दिया, जिसने सैकड़ों परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी। शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह (भापुसे) ने बताया कि ‘तेरा तुझको अर्पण अभियान’ के तहत साइबर सेल ने पिछले तीन माह में सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से एक करोड़ तीन लाख रुपये मूल्य के 451 गुम मोबाइल फोन देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों से खोजकर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाए हैं। यह केवल मोबाइल लौटाने की कार्रवाई नहीं, बल्कि आम नागरिकों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत करने वाला अभियान है।

एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि गुम मोबाइल संबंधी प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा, सुमन गुर्जर, डॉ. शिवेश सिंह बघेल और जयराज कुबेर को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) के नेतृत्व में साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण और सीईआईआर पोर्टल की सहायता से देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचकर मोबाइल ट्रेस किए और उन्हें सुरक्षित बरामद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम नागरिक की खोई हुई अमानत उसे वापस दिलाना भी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि डीएसपी अपराध नागेंद्र सिंह सिकरवार एवं मनीष यादव के मार्गदर्शन में प्रभारी साइबर सेल उपनिरीक्षक रजनी सिंह रघुवंशी और उनकी टीम ने दिन-रात मेहनत कर यह सफलता हासिल की। मोबाइल वापस पाने वालों में ड्यूटी के दौरान फोन खोने वाली शिक्षिका, बेटी का इलाज कराने जा रही गृहणी, शोक कार्यक्रम में जाते समय मोबाइल गुम होने वाली महिला, एमपीपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा, किस्तों पर मोबाइल खरीदने वाला ड्राइवर और कॉलेज की प्रोफेसर सहित अनेक लोग शामिल हैं। जब उनके हाथों में फिर से उनका मोबाइल पहुंचा तो कई लोगों की आंखें खुशी से नम हो गईं और उन्होंने ग्वालियर पुलिस का खुले दिल से आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एसएसपी ने उन जागरूक नागरिकों को भी सम्मानित किया, जिन्होंने सड़क पर मिले मोबाइल अपने पास रखने के बजाय साइबर सेल में जमा कराकर ईमानदारी की मिसाल पेश की। पवन कुशवाह, भोजराज सिंह चौहान, भोगीराम (लल्ला) मंडेलिया और मनोज चौरसिया को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही साइबर सेल की पूरी टीम को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई।

एसएसपी धर्मवीर सिंह ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर घबराने के बजाय तुरंत संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं, सिम को दोबारा जारी कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर आईएमईआई नंबर ब्लॉक कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। उन्होंने कहा कि समय पर दर्ज की गई शिकायत मोबाइल बरामद होने की संभावना को काफी बढ़ा देती है और ग्वालियर पुलिस भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ लोगों की सेवा करती रहेगी।

मोबाइल बरामदगी अभियान में प्रभारी साइबर सेल उपनिरीक्षक रजनी सिंह रघुवंशी, उपनिरीक्षक विश्वीर सिंह जाट, आरक्षक सोनू प्रजापति, शिवकुमार यादव, आशीष शर्मा, विपिन सिकरवार, देवेश शर्मा, शैलेन्द्र गौड़, अजय यादव तथा जिले के विभिन्न थानों के आरक्षक हितेंद्र शर्मा, अशोक लोधी, दीपक रावत, बालेन्द्र शर्मा, राहुल शर्मा और राहुल जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

कलेक्टर ने ग्राम नांदनवाडी,अंबाडा में जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश

Fri Aug 14 , 2026
पांढुरना:मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आज शुक्रवार को पांढुरना के नांदनवाडी एवं अंबाडा ग्राम में स्वयं जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने इन ग्रामों में पहुंचकर जमीन पर बैठकर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनते हुए विभागीय अधिकारियों को त्वरित संतोषप्रद निराकरण करने के निर्देश दिए,इस दौरान जहां […]

You May Like