विद्यार्थी जीवन का लक्ष्य तय करके उसे पाने का जुनून पैदा करें: कमिश्नर

रीवा:रीवा संभाग में शिक्षा में गुणवत्ता में सुधार विद्यार्थियों को कॅरियर मार्गदर्शन देने के लिए नवाचार किया जा रहा है. रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने स्कूलों के बाद कालेज के विद्यार्थियों के लिए कॅरियर मार्गदर्शन कक्षाओं का ठाकुर रणमत सिंह कालेज में शुभारंभ किया. इस अवसर पर कमिश्नर ने कहा कि प्रदेश में संभवत: टीआरएस कालेज पहला कालेज है जहाँ कॅरियर मार्गदर्शन के लिए कालेज स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं. प्रोफेसरों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी भी विद्यार्थियों को कॅरियर मार्गर्शन देंगे.

हर विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ अपने जीवन का लक्ष्य तय करें और उसे पाने का जज्बा और जुनून मन में पैदा करें. कोई भी कार्य कठिन नहीं होता है. हम अपने लक्ष्य तय करके उसे प्राप्त करने के लिए जब प्रतिबद्धता और लगन से प्रयास करते हैं तो सफलता अवश्य मिलती है. इसके लिए कठिन परिश्रम की आवश्यकता होती है. विद्यार्थी जीवन में जिसने परिश्रम कर लिया उसे आगे जीवन में उतना अधिक परिश्रम की आवश्यकता नहीं होती है. अपनी प्रतिभा और योग्यता के अनुसार लक्ष्य तय करके उसे पाने का प्रयास करें.

कार्यक्रम में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि हम सबको ईश्वर से मिला जीवन अपने सत्कर्मों से सार्थक बनाना है. कमिश्नर सर ने प्रशासनिक व्यस्तता के बावजूद नई पीढ़ी के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए कॅरियर मार्गदर्शन का शुभारंभ कराया है. स्कूल और कालेज में मौज-मस्ती करें लेकिन पढ़ाई और कॅरियर को अपना लक्ष्य बनाएं. मैं भी औसत विद्यार्थी था. मेरे पिताजी ने मुझे समझाते हुए कहा कि मैं क्लर्क हूँ, तुम्हे कुछ अधिक नहीं दे पाऊंगा. उनकी प्रेरणा से मेरे मन में कॅरियर के प्रति जागरूकता आई. मैंने अच्छे अंकों से एमए किया और पीएससी की परीक्षा में सफलता पाई. प्रतिबद्धता और परिश्रम से क्लर्क का बेटा कलेक्टर बन पाया.

नई पीढ़ी देश की कर्णधार है. दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास से प्रयास करेंगे तो सफलता अवश्य मिलेगी. कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने भी सम्बोधित किया. अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. महेन्द्रमणि त्रिपाठी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी. प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी ने बताया कि कोचिंग के लिए टीआरएस कालेज में 235 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है. कालेज में 17 अगस्त से शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे तक कॅरियर मार्गदर्शन की कक्षाएं चलेंगी. कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन डॉ. एसपी शुक्ला ने किया. कार्यक्रम में प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे.

Next Post

​बड़वानी में आज समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे CM डॉ यादव, विभाजन विभीषिका के पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

Fri Aug 14 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत बड़वानी में आयोजित जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे यहां जनसमस्याओं के निराकरण की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री प्रगतिशील किसानों, उद्यमियों और विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की […]

You May Like