बुधनी। गुरुआ बाबा क्षेत्र में संचालित गौरव मेडिकल स्टोर पर बुधवार शाम ड्रग विभाग ने छापामार कार्रवाई की. ड्रग इंस्पेक्टर किरण मगरे के नेतृत्व में दवाइयों को जब्त कर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया. वहीं मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है. मेडिकल संघ के पदाधिकारी ओम राय ने बताया कि उक्त मेडिकल स्टोर का लाइसेंस गौरव यादव के नाम से जारी था, जबकि स्टोर का संचालन किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किए जाने की जानकारी विभाग को मिली थी. बताया जाता है कि संबंधित व्यक्ति को पूर्व में तीन बार मेडिकल स्टोर के संचालन को लेकर हिदायत दी जा चुकी थी, इसके बावजूद संचालन जारी रहने की शिकायत सामने आई. ड्रग इंस्पेक्टर किरण मगरे टीम के साथ मेडिकल स्टोर पर पहुंचीं और जांच की कार्रवाई शुरू की. टीम ने दुकान में मौजूद दवाइयों की जांच की तथा नियमानुसार दवाइयां जब्त कर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया. साथ ही मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की गई.
विभाग द्वारा जब्त दवाइयों एवं मेडिकल स्टोर के संचालन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है. विभागीय जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
