कारगिल के वीर ने सुनाई जंग की दास्तान, अग्निवीर योजना पर भी रखी बेबाक राय


इंदौर: महावीर चक्र से सम्मानित कारगिल युद्ध के वीर योद्धा कैप्टन दिगेंद्र कुमार ने कहा कि सेना को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए. सैनिक केवल प्रशिक्षण से नहीं, बल्कि लंबे अनुभव, जज्बे और जुनून से तैयार होता है. उन्होंने अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक सैनिक को तैयार करने में सरकार लाखों रुपये खर्च करती है, ऐसे में महज पांच साल की सेवा से सेना को अनुभवी जवान मिलना मुश्किल है.

कैप्टन दिगेंद्र कुमार शुक्रवार को इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने कारगिल युद्ध सहित सेना में अपने सेवाकाल के दौरान हुए घटनाक्रम और युद्ध के अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि किस तरह कठिन परिस्थितियों, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और दुश्मन की भारी गोलीबारी के बीच भारतीय सैनिकों ने अपने अदम्य साहस के साथ मोर्चा संभाला. कारगिल युद्ध के दौरान तोलोलिंग चोटी पर कब्जे के अभियान में कैप्टन दिगेंद्र कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.

भीषण संघर्ष में गंभीर रूप से घायल होने और कई साथियों के शहीद होने के बावजूद उन्होंने अभियान जारी रखा और 13 जून 1999 की सुबह तोलोलिंग की चोटी पर तिरंगा फहराया. उनके इस असाधारण शौर्य के लिए उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च युद्धकालीन वीरता पुरस्कार महावीर चक्र से सम्मानित किया गया. राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना क्षेत्र के झालरा गांव में 3 जुलाई 1969 को जन्मे दिगेंद्र कुमार भारतीय सेना की 2 राज राइफल्स में रहे। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों और श्रीलंका के ऑपरेशन पवन में भी उन्होंने उल्लेखनीय भूमिका निभाई. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सेना की कार्यप्रणाली, सैनिकों के प्रशिक्षण और बदलती सैन्य व्यवस्था पर भी अपने विचार रखे.

सैनिक तैयार करना लंबी प्रक्रिया
अग्निवीर योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सैनिक तैयार करना लंबी प्रक्रिया है. इसके लिए केवल प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि सेना के साथ लंबे समय तक जुड़ाव, अनुभव, अनुशासन और देश के लिए जज्बा जरूरी है. उन्होंने कहा कि अनुभवी सैनिक ही युद्ध की कठिन परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने में सक्षम होते हैं. प्रेस क्लब में मौजूद लोगों ने कैप्टन दिगेंद्र कुमार के युद्ध अनुभवों को गंभीरता से सुना. उनकी बातें कारगिल के मोर्चे पर भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान की याद ताजा करती रहीं

Next Post

रविवार को मुख्यमंत्री कई कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे

Fri Aug 14 , 2026
इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 16 अगस्त को कई कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे. मुख्यमंत्री साथ शहर को चार बड़ी सौगातें देंगे, जिसमें पश्चिम क्षेत्र में महत्वपूर्ण सड़क निर्माण, अटलजी की प्रतिमा का भूमिपूजन, नेहरू पार्क में नए स्विमिंग पूल का लोकार्पण और शहर के चिड़ियाघर में 14-डी थिएटर […]

You May Like