इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 16 अगस्त को कई कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे. मुख्यमंत्री साथ शहर को चार बड़ी सौगातें देंगे, जिसमें पश्चिम क्षेत्र में महत्वपूर्ण सड़क निर्माण, अटलजी की प्रतिमा का भूमिपूजन, नेहरू पार्क में नए स्विमिंग पूल का लोकार्पण और शहर के चिड़ियाघर में 14-डी थिएटर का अनावरण जैसे काम शामिल है.महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि 16 अगस्त इंदौर में विकास के लिए ऐतिहासिक दिन होगा. पश्चिम क्षेत्र की करीब चार दशक पुरानी अन्नपूर्णा रोड से रिंग रोड को जोड़ने वाली सड़क शुरू होने से यातायात सुगम होगा.
साथ ही दशहरा मैदान में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थल निर्माण का भूमिपूजन, नेहरू पार्क के नए स्विमिंग पूल और इंदौर जू के 14-डी थिएटर का लोकार्पण शहर विकास को नई दिशा देगा. एक ही दिन में कनेक्टिविटी, विरासत, खेल और मनोरंजन के क्षेत्र में बड़ी सौगातें मिलेंगी. उक्त कार्यक्रमों में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तुलसीराम सिलावट, पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, मनोज पटेल, गोलू शुक्ला, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, पूर्व महापौर कृष्ण मुरारी मोघे, एमआईसी सदस्य, पार्षद एवं भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा , सहित क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहेंगे.
एक दिन और चार सौगातें
– सड़क – 40 साल पुराना इंतजार खत्म
– प्रतिमा – अटलजी की प्रतिमा का भूमिपूजन
– स्विमिंग पूल – नेहरू पार्क में नई सुविधा
-14-डी थिएटर – इंदौर जू में नया आकर्षण
