
सीधी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी एवं अपर कलेक्टर बी.पी.पाण्डेय ने पुलिस परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समारोह स्थल की साफ-सफाई एवं समतलीकरण, पार्किंग, सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
पुलिस अधीक्षक एवं अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इसके पूर्व पुलिस अधीक्षक एवं अपर कलेक्टर के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम रिहर्सल सम्पन्न हुआ। इस दौरान समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अन्य निर्धारित गतिविधियों का पूर्वाभ्यास किया गया। अधिकारियों ने रिहर्सल के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, अनुविभागीय अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, उप पुलिस अधीक्षक सुजीत कड़वे, सहायक संचालक जनसंपर्क मुकेश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
००
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्टर करेंगे ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला मुख्यालय सीधी में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में कलेक्टर विकास मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में कलेक्टर प्रात: 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह में देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह की निर्धारित कार्यक्रम रूपरेखा के अनुसार प्रात: 8.58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा। इसके बाद प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान होगा तथा प्रात: 9.10 बजे परेड का निरीक्षण एवं मार्चपास्ट आयोजित किया जाएगा। प्रात: 9.20 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों का परिचय प्राप्त किया जाएगा। इसके बाद प्रात: 9.25 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
०००००००००००
