ग्वालियर: अग्रकुल महिला समिति द्वारा हरियाली तीज एवं सावन महोत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन शहर के एक निजी होटल में बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर पहुंचीं समिति की महिला सदस्यों ने सावन के गीतों, मनोरंजक खेलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। सभी सदस्य महिलाओं के हाथों में उनके पति के नाम की मेहंदी सजाई गई और हरी-हरी चूड़ियां पहनाई गईं, जिससे पूरा परिसर हरियाली तीज की पारंपरिक रंगत से सराबोर नजर आया।
आत्मनिर्भरता को बढ़ावा: पहली बार लगे महिला उद्यमियों के स्टॉल
इस वर्ष समिति ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अनूठी पहल की। स्वयं का व्यवसाय या रोजगार चलाने वाली महिला सदस्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉल्स के जरिए महिलाओं ने अपने उत्पादों और कार्यों का प्रदर्शन किया, जिससे उनकी प्रतिभा और आत्मनिर्भरता को एक बेहतर मंच मिला।
गीतों पर थिरकीं महिलाएं, मिले पुरस्कार
आयोजन के दौरान आयोजित ‘मिक्स सावन गीत’ ग्रुप डांस प्रतियोगिता में प्रियंका अग्रवाल, आरती बंसल, आरती अग्रवाल, चंचल गुप्ता, डिम्पल गुप्ता एवं कविता गुप्ता के ग्रुप ने अपनी शानदार प्रस्तुति से पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा आयोजित मनोरंजक खेलों सर्किल गेम: दीपिका मित्तल, शिल्पी अग्रवाल, मेघा गुप्ता एवं कीर्ति अग्रवाल विजेता रहीं। लेफ्ट-राइट गेम: रीना गोयल, अलका गुप्ता एवं अन्य सदस्यों ने बाजी मारी।
कार्यक्रम को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने में संयोजिकाओं रश्मि गोयल, वैशाली अग्रवाल, नेहा सराफ, श्रुति जैन एवं हेमा अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में समिति की संस्थापक अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल एवं रश्मि अग्रवाल ने सभी प्रतिभागी व विजेता सदस्यों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। सावन की उमंग, पारंपरिक उत्साह और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
