
मंदसौर। लगातार हो रही बारिश के बीच मंदसौर की शिवना नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है। नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। शिवना नदी की छोटी पुलिया पर पानी आने के कारण लदुसा की ओर जाने वाले मार्ग पर आवागमन फिलहाल बंद कर दिया गया है। पुलिया के दोनों ओर पुलिस बल तैनात कर लोगों को नदी और पुलिया की ओर जाने से रोका जा रहा है।
बारिश के मौसम में नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिसकर्मी मौके पर लोगों को समझाइश देते हुए पुलिया पार नहीं करने तथा नदी के किनारे जाने से बचने की अपील कर रहे हैं। इसके बावजूद कुछ श्रद्धालु पूजन सामग्री नदी में विसर्जित करने के लिए नदी के पास जाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस द्वारा उन्हें रोककर समझाइश दी जा रही है।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार एक दंपती भी पूजन सामग्री नदी में विसर्जित करने के लिए नदी के समीप जाने की जिद करता नजर आया। पुलिसकर्मियों द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें आगे जाने से रोका गया। बारिश के दौरान नदी में तेज बहाव होने के कारण ऐसी स्थिति में जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए छोटी पुलिया पार करने अथवा नदी के समीप जाने का प्रयास नहीं करें। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक जोखिम उठाने से बचें। विशेषकर पूजन सामग्री विसर्जन के लिए नदी के तेज बहाव वाले हिस्से में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
लदुसा मार्ग पर भी आवाजाही रोकी
शिवना नदी में पानी बढ़ने के साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों और आवागमन करने वाले यात्रियों को भी सतर्क किया गया है। लदुसा मार्ग पर पुलिया के ऊपर पानी आने के कारण आवाजाही बंद होने से इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
तेलिया तालाब में भी पानी की आवक पर नजर
इधर, तेलिया तालाब की स्थिति पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है। तालाब में बुगालिया खाल से पानी की आवक होती है। फिलहाल तालाब में पानी की आवक को अनैतिक तरीके से गया है, जबकि बुगालिया खाल में पानी का फ्लो बना हुआ है। ऐसे में बारिश की स्थिति और जलप्रवाह को देखते हुए आगामी दिनों में तेलिया तालाब के जलस्तर पर भी असर पड़ सकता है।
बारिश के कारण शहर एवं आसपास के जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ने से प्रशासन के सामने जलप्रबंधन के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती भी है। नदी, नालों और पुलियाओं में अचानक पानी बढ़ने की स्थिति को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
प्रशासन और पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि पानी का बहाव कम दिखाई देने पर भी नदी या पुलिया को पार करने का जोखिम न उठाएं। बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। नागरिक स्वयं भी सावधानी बरतें और बच्चों तथा बुजुर्गों को नदी-नालों के आसपास जाने से रोकें। सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों का सहयोग करें, ताकि बारिश के दौरान किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
