सोहागी पहाड़ से 70 फीट नीचे खाई में गिरा तूफान वाहन, सतना के 7 घायल

रीवा, रीवा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के सोहागी पहाड़ पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है. यहाँ एक अनियंत्रित तूफान वाहन करीब 70 फीट गहरी खाई में जा गिरा. इस दर्दनाक सडक़ हादसे में वाहन में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही सोहागी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया.

घटना के संबंध में सोहागी थाना प्रभारी कमलेश शाहू ने बताया कि सभी घायल मध्य प्रदेश के सतना जिले के उचेहरा के रहने वाले हैं. ये सभी लोग तूफान वाहन में सवार होकर किसी कार्य से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गए थे. प्रयागराज से वापस लौटते समय, रात्रि करीब 9 बजे जैसे ही उनका वाहन सोहागी पहाड़ के खतरनाक मोड़ पर पहुंचा, चालक वाहन से संतुलन खो बैठा. अनियंत्रित होकर वाहन सीधे पहाड़ से नीचे करीब 70 फुट गहरी खाई में जा गिरा. घटना के बाद आस-पास के स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू अपने पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. रात के अंधेरे और गहरी खाई होने के बावजूद पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बिना वक्त गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे सभी सात घायलों को बाहर निकाला गया. थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि सभी सातो घायलों को तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से त्योंथर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Next Post

दिन में ही छा रहा अंधेरा, रूक रूक कर हो रही रिमझिम वर्षा

Wed Aug 12 , 2026
शाजापुर, lसोमवार को हुई बारिश के बाद मानसून की गति धीमी हो गई है. लेकिन नगर में रूक रूककर बारिश का दौर जारी है, जिससे नगरवासियों को गर्मी से राहत मिली हुई है. बुधवार को भी दिनभर रूक रूककर बारिश का दौर जारी रहा. आसमान पर बादल छाने से दिन […]

You May Like