
सीहोर. संभवत: नपा को जर्जर भवनों से किसी अनहोनी का इंतजार है. यही कारण है कि जून माह में एक जर्जर भवन को ढहाने के बाद नपा ने अपनी कार्रवाई को शिथिल कर दिया है. वह भी तब जबकि नपा ने खुद शहर में 86 मकानों को जर्जर घोषित कर मकानों में रहने वालों को नोटिस थमाकर मकान खाली करने को कहा है.
नगर में ऐसे मकानों की कमी नहीं है जो जर्जरावस्था में पहुंच गए हैं तथा इनकी उम्र पूरी हो चुकी है. हर बारिश में नपा द्वारा ऐसे मकानों की पहचान कर उनके स्वामियों को नोटिस थमाकर मकान तोडऩे को कहा जाता है, लेकिन ज्यादातर भवन स्वामी इन नोटिस को कोई तवज्जो नहीं देते हैं. कई बार राजनीतिक दखल के चलते भी इन मकानों को नहीं तोड़ा जाता है. नतीजतन जर्जर मकान ढहते हुए जनहानि का कारण बन जाते हैं. बीते वर्ष ही शहर की खजांची लाईन में एक जर्जर मकान तेज बारिश के चलते ढह गया था. जिसमें एक बुजुर्ग महिला की दबकर मौत हो गई थी. इस घटना के बाद प्रशासन इतनी तेजी से सक्रिय हुआ कि उसने जर्जर मकानों को तोडऩे के लिए किसी को मोहलत नहीं दी और उसी दिन पान चौराहे पर एक तथा कोतवाली चौराहे के भी एक जर्जर मकान को धराशायी कर दिया था. हालांकि इसके बाद नपा ने कार्रवाई को विराम दे दिया था.
इस साल एक बार फिर नपा ने मानसून के पूर्व शहर में जर्जर मकानों का सर्वे शुरू किया. इस दौरान 86 मकानों को जर्जर मानते हुए उनमें रहने वालों को नोटिस देकर मकान खाली करने को कहा गया. गत 30 जून को जर्जर मकानों को तोडऩे की मुहिम भी शुरू की गई. इस दौरान जिला उद्योग केन्द्र के सामने एक जर्जर मकान को नपा के अमले ने जेसीबी की मदद से धराशायी किया. उस दौरान नपा के सहायक यंत्री विजय कोली ने बयान दिया था कि जर्जर व खतरनाक मकानों को तोडऩे का काम नियमित किया जाएगा, लेकिन हर बार की तरह इस साल भी नपा ने एक ही मकान को तोडऩे के बाद अपनी मुहिम को जो विराम दिया वह अब तक बरकरार बना है. इससे ऐसा प्रतीत होता है मानो नपा को कोई बड़ी अनहोनी का इंतजार है. उसके बाद ही मुहिम फिर शुरू होगी.
वार्ड क्र. 28 में सर्वाधिक 21 जर्जर मकान
नपा द्वारा शहर के सभी 35 वार्डों के मकानों की जो सूची तैयार की गई है उसमें सर्वाधिक 21 जर्जर मकान वार्ड क्र. 28 में हैं. इसी तरह 26 नंबर वार्ड में कुल 8 मकान जर्जर हैं. वार्ड क्र. 12 और 13 में 6-6 जर्जर मकान हैं. वार्ड क्र. 11 में 5, वार्ड 18 में 4, वार्ड क्र. 17, 25 और 30 में तीन- तीन मकान जर्जर हैं. जबकि अन्य वार्डों में जर्जर मकानों की संख्या एक से दो तक है, जिन्हें नपा द्वारा शीघ्र तोड़ा जाएगा.
शीघ्र ही गिराएंगे जर्जर मकान
जिन जर्जर मकानों को तोडऩे के लिए लोगों को नोटिस थमाए थे. उनके द्वारा थोड़े समय की मोहलत मांगी गई थी. शीघ्र ही हमारे द्वारा सभी चिन्हित जर्जर मकानों को तोडऩे की मुहिम प्रारंभ की जाएगी.
सुधीर कुमार
मुख्य नपाधिकारी, सीहोर
