
शाजापुर, lसोमवार को हुई बारिश के बाद मानसून की गति धीमी हो गई है. लेकिन नगर में रूक रूककर बारिश का दौर जारी है, जिससे नगरवासियों को गर्मी से राहत मिली हुई है. बुधवार को भी दिनभर रूक रूककर बारिश का दौर जारी रहा. आसमान पर बादल छाने से दिन में अंधेरा भी छा गया. गौरतलब है, लगातार बारिश के कारण चीलर डैम का जलस्तर बढक़र करीब 7 फीट हो गया है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में जिले के कुछ इलाकों में तेज तो कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है. बुधवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे. दोपहर करीब 1 बजे के बाद जिले के कई हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश हुई. करीब 15 से 20 मिनट बारिश के बाद मौसम साफ हो गया, हालांकि बादलों की आवाजाही बनी रही. दोपहर 2 बजे के बाद कुछ स्थानों पर धूप भी निकली. इससे पहले रविवार और सोमवार की रात शाजापुर में जोरदार बारिश हुई थी. मंगलवार को दिन में हल्की बारिश हुई, जबकि रात में करीब दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई. लगातार बारिश से मौसम ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली.
कहां कितनी बारिश
कलेक्ट्रेट कार्यालय के भू संसाधन प्रबंधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 1 जून से 12 अगस्त तक जिले में औसतन 18.75 इंच बारिश दर्ज की गई है. तहसीलवार शाजापुर में 18.22 इंच, मोहन बड़ोदिया में 22.16 इंच, शुजालपुर में 19.37 इंच, कालापीपल में 19.88 इंच, गुलाना में 19.64 इंच, पोलायकला में 16.53 इंच और अवंतीपुर बड़ोदिया में 15.43 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है.
