इंदौर: मिलावट और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीमों ने सोमवार को शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 535 किलो संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त किए. जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई गई है.
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सिंध डेयरी फार्म, चंदन भवन-मुराई मोहल्ला का निरीक्षण किया. यहां पनीर, दही और घी का निर्माण किया जा रहा था, जबकि प्रतिष्ठान की खाद्य अनुज्ञप्ति केवल थोक एवं रिटेल बिक्री के लिए वैध पाई गई. मौके से 149 किलो घी और 103 किलो पनीर, कुल 252 किलो खाद्य पदार्थ जब्त किए गए. घी के संबंध में खरीदी के बिल भी प्रस्तुत नहीं किए गए. निर्माण के लिए वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर डेयरी का खाद्य निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया.
इसी अभियान में नारायण इंटरप्राइजेज, पालदा बारदान मंडी से किंग घी और राधा माधव घी के नमूने लिए गए तथा करीब 255 किलो घी, जिसकी कीमत लगभग 1.53 लाख रुपये है, जांच रिपोर्ट आने तक जब्त किया गया. वहीं, कमलेश ट्रेडर्स, सियागंज से महीसागर घी का नमूना लेकर करीब 28 किलो घी सील कर जब्त किया गया. इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर रतलाम नमकीन कॉर्नर, जेल रोड से समोसे एवं सलाद/चटनी के नमूने लिए गए और अनियमितताओं पर सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है. आशुतोष बॉयज हॉस्टल, बड़ी ग्वालटोली से रॉ मैटेरियल एवं तैयार खाद्य पदार्थों के तीन नमूने लिए गए तथा स्वच्छता संबंधी निर्देश दिए गए.
नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
