बारिश में भी नहीं टूटा नर्सिंग छात्रों का हौसला, तीसरे दिन भी धरना जारी; 6-7 साल से परीक्षा-रिजल्ट का इंतजार

भोपाल। नर्सिंग और पैरामेडिकल छात्रों का प्रदर्शन रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। बारिश के बावजूद 60 से ज्यादा छात्र-छात्राएं फार्मेसी काउंसिल की इमारत के नीचे धरने पर बैठे रहे। छात्र लंबे समय से अटकी परीक्षाओं और रिजल्ट जल्द जारी करने की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि वर्ष 2020 से 2023 के बीच मान्यता प्राप्त कॉलेजों में एडमिशन लेने के बावजूद कई विद्यार्थियों की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं अब तक आयोजित नहीं हुई हैं। कॉलेजों से जुड़े फर्जीवाड़े और अदालती मामलों का खामियाजा उन छात्रों को भुगतना पड़ रहा है, जिनका इसमें कोई दोष नहीं है।

छात्रों का दावा है कि कई विद्यार्थी 6 से 7 साल से अपनी डिग्री और रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि पढ़ाई पूरी होने के बाद नौकरी की शुरुआत करने की उम्र में वे अब भी परीक्षा और डिग्री के लिए भटक रहे हैं।

छात्रों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर रुकी हुई परीक्षाएं जल्द कराने और पुराने सत्रों के लंबित रिजल्ट जारी करने की मांग की है। इसके अलावा नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेजों को क्षेत्रीय विश्वविद्यालयों से हटाकर दोबारा जबलपुर मेडिकल यूनिवर्सिटी से संबद्ध करने की मांग भी उठाई गई है।

छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को भोपाल से आगे बढ़ाकर दिल्ली के जंतर-मंतर तक ले जाया जाएगा।

Next Post

रात भर आसमान से बरसी आफत ,बाढ़ के हालात

Mon Aug 10 , 2026
सीहोर। आखिरकार सीजन की सबसे तेज, लेकिन आफत भरी बारिश ने बीती रात के अंधेरे में दस्तक दे डाली. रविवार की सुबह से जारी रिमझिम बारिश से खुशनुमा हुआ मौसम देर रात को बिगड़ गया. रात भर में छह इंच से अधिक बारिश ने संपूर्ण क्षेत्र को जलमग्र कर दिया. […]

You May Like

Play sound