
उज्जैन। नागझिरी उद्योगपुरी में दाना बनाने वाली फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राइंडर मशीन में फंसे से दमोह के युवक की मौके पर मौत हो गई। नागझिरी थाना पुलिस ने बताया कि सुबह 11 बजे के लगभग खबर मिली थी कि उद्योगपुरी स्थित विजय लक्ष्मी इंडस्ट्रीज की ग्राइंडर मशीन में एक युवक फंस गया है, पुलिस तत्काल उद्योगपुरी पहुंची। ग्राइंडर मशीन में युवक का सिर और हाथ फंसा था, वह खून से लथपथ हो चुका था, उसे मजूदरों की मदद से बाहर निकाला गया तो मौत होना सामने आया। पूछताछ करने पर मृतक का नाम गिरधारी पिता धरमदास रायकवार 39 साल निवासी लांजी इमलिया चौकी बासा दमोह पता चला। मजदूरों ने बताया कि फैक्ट्री में पत्नी उमा के साथ लम्बे समय से हेल्पर का काम करता था। सुबह ग्राइंडर मशीन चल रही थी तभी लाइट चली गई। गिरधारी आया और सफाई का काम करने लगा, उसी दौरान लाइट आने पर वह ग्राइंडर मशीन की चपेट में आ गया। एएआई अर्जुनसिंह तोमर ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया और शव पत्नी को सौंपा गया। जिसे अंतिम संस्कार के लिये दमोह ले जाया गया है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
