इंदौर: इन दिनों शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसके तहत कारों पर ब्लैक फिल्म लगाने वाले 28 वाहन चालकों के चालान बनाए. साथ ही गलत पार्किंग के 339 मामलों के साथ ही अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 977 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग और व्हील लॉक टीमों ने प्रमुख मार्गों, व्यस्त बाजारों और अधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में कार्रवाई की.
वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले 109, सिग्नल का उल्लंघन करने वाले 113, बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले 42 और अमानक नंबर प्लेट वाले 169 वाहन चालकों के चालान बनाए. वहीं, वन-वे का उल्लंघन करने पर 177 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई. डीसीपी यातायात राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की.
