नागपुर, 10 अगस्त (वार्ता) विदर्भ राज्य की मांग को लेकर विरोध मार्च के दौरान पुलिस ने नागपुर में लगभग 350 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि विदर्भ राज्य आंदोलन समिति (वीआरएएस) से जुड़े और पूर्व विधायक वामनराव चटप के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी रविवार को विधान भवन की ओर मार्च करने से पहले यशवंत स्टेडियम में एकत्र हुए। उन्होंने बताया कि मार्च को जीरो माइल स्क्वायर पर रोक दिया गया, क्योंकि पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड्स लगा दिये थे।
इस कार्रवाई से हंगामा मच गया, जिसके बाद लगभग 350 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया और पुलिस मुख्यालय ले जाया गया। बाद में उन्हें शाम को रिहा कर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि भारी भीड़ को देखते हुए और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सीताबर्डी, जीरो माइल और विधान भवन के आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे।
विदर्भ राज्य आंदोलन समिति क्षेत्र की आर्थिक और प्रशासनिक उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अलग विदर्भ राज्य के लिए अभियान चला रही है। समिति ने चेतावनी दी कि इस प्रदर्शन को पूरे क्षेत्र में एक मजबूत जन आंदोलन में बदल दिया जायेगा। समिति ने अपने “मिशन 2027” अभियान के तहत दिसंबर 2027 तक एक अलग विदर्भ राज्य के गठन पर जोर दिया।
