
नई दिल्ली, ईरान और अमेरिका के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर तनाव के बीच सोमवार को घरेलू सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में अच्छी तेजी देखने को मिली। चांदी 2.45 लाख रुपये प्रति किलो के पार निकल गई।
10 अगस्त को MCX पर सोना 0.50 फीसदी की बढ़त के साथ 1,52,575 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। वहीं सिल्वर फ्यूचर्स 1.43 फीसदी बढ़कर 2,34,779 रुपये प्रति किलो पर रहा।
*चांदी ने मारी छलांग*
घरेलू सर्राफा बाजार में चांदी का भाव 2,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। पिछले एक महीने में सिल्वर 999 फाइन में करीब 4.34 फीसदी और पिछले एक साल में 100 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है। सूचीबद्ध शहरों में चेन्नई और हैदराबाद में चांदी का भाव सबसे ऊंचा रहा।
24 कैरेट सोना 1,51,970 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,39,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा था। बड़े शहरों में 24 और 22 कैरेट सोने के रेट में हल्की गिरावट देखी गई।
*अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव*
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट आई। स्पॉट गोल्ड 0.5 फीसदी गिरकर 4,322.28 डॉलर प्रति औंस और अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.4 फीसदी की गिरावट के साथ 4,381.60 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
पिछले सत्र में सोना सात सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की। साथ ही निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले से पहले आने वाले अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों पर टिकी है।
*ईरान-अमेरिका तनाव का असर*
भू-राजनीतिक तनाव भी कीमतों को प्रभावित कर रहा है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि तेहरान फिलहाल अमेरिका के साथ सीधी बातचीत नहीं कर रहा है।
