करणी सैनिकों के आव्हान पर देशभक्ति के रंग में रंगा शाजापुर

शाजापुर, हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत प्रदेश सरकार ने 9 से 14 अगस्त तक तहसील, विकासखंड और जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा निकालने का आह्वान किया है. इसी आह्वान को पूरा करने के लिए रविवार को करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के नेतृत्व में शाजापुर में ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा में सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर और दो पहिया वाहन के साथ करणी सैनिक हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए. जिन्होंने भारत माता की जय के नारों से शाजापुर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया. इस तिरंगा यात्रा का विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिंक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर जगह-जगह स्वागत किया. सबसे पहले शाजापुर विधायक अरुण भीमावद, भाजपा नगर अध्यक्ष आशीष नागर, भाजपा नगर महामंत्री गोविंद नायक, विकास सिंदल, कांग्रेस प्रदेश महासचिव रामवीरसिंह सिकरवार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश्वर प्रताप ने करणी सेना अध्यक्ष जीवनसिंह शेरपुर का स्वागत किया.

तिरंगा यात्रा दोपहर करीब 12 बजे मां राजराजेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई, जो ट्रैफिक पॉइंट, बस स्टैंड, नई सडक़, आजाद चौक, छोटा चौक, सोमरिया बाजार, कंस चौराहा, कुम्हारवाड़ा घाटी, महूपुरा चौराहा और गायत्री मंदिर होते हुए महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पर पहुंची. यहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया. इसके बाद यात्रा टंकी चौराहा होते हुए कृषि मंडी पहुंची. जहां आमसभा के साथ इसका समापन हुआ. तिरंगा यात्रा में जीवन सिंह शेरपुर ने खुली जीप में सवार होकर शहरवासियों का अभिनंदन किया और देशभक्ति नारे लगाए. इस दौरान करणी सेना जिलाध्यक्ष सोनूबना सांपखेड़ा, प्रदेश संगठन सचिव अजीत सिंह डोडिया, करणी सैनिक शिवपाल सिंह चौहान, धीरेंद्र सिंह भदौरिया आदि मौजूद थे.

 

4 घंटे चली यात्रा का भव्य स्वागत…

 

करीब 4 घंटे चली इस तिरंगा यात्रा का सर्व हिंदू समाज अध्यक्ष पं. आशीष नागर के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान गोविंद नायक आदि मौजूद थे. आजाद चौक में जय शिव कांवड़ यात्री संघ के संस्थापक एवं नपा उपाध्यक्ष पं. संतोष जोशी ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया. उनके साथ प्रदेश मंत्री क्षितिज भट्ट, राजीव दुबे, राजकुमार कराड़ा, आशुतोष शर्मा, धर्मेंद्र प्रजापत, राजकुमार शर्मा आदि मौजूद थे. वहीं दूसरी ओर महूपुरा में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इरशाद खान के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया. शहर में जगह-जगह मुस्लिम समाज, बोहरा समाज, जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष मनीष सिसौदिया, श्रमजीवी पत्रकार संघ, पेंशनर संघ सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक संगठनों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया.

 

राजनीतिक दल बनाकर चुनाव भी लड़ेंगे…

 

करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह से राष्ट्रसेवा और राष्ट्रहित को समर्पित है. शेरपुर ने यह भी बताया कि करणी सेना द्वारा राजनीतिक दल का गठन किया जा रहा है. करणी सेना जल्द ही अपनी राजनीतिक पार्टी बनाकर आगामी चुनावों में प्रत्याशी उतारेगी. देश और प्रदेश में चल रहे विभिन्न आंदोलनों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि जनता अन्याय होने पर ही सडक़ों पर उतरती है. उन्होंने सरकार से आंदोलनकारियों और छात्रों से संवाद स्थापित कर उनकी उचित मांगों को सुनने का आग्रह किया. आमसभा के दौरान राष्ट्रहित और सामाजिक मुद्दों पर संगठन की आगामी रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई.

Next Post

विश्व आदिवासी दिवस पर निकाली गई भव्य रैली में हजारों की संख्या में समाजजन हुए शामिल

Sun Aug 9 , 2026
झाबुआ। रविवार को विश्व आदिवासी दिवस पर सर्व संगठन आदिवासी समाज समिति द्वारा आदिवासी बाहुल जिले की संस्कृति एवं परंपरा अनुरूप रैली का भव्य आयोजन जिला मुख्यालय पर किया गया। जिसमें जिलेभर से हजारों की संख्या में समाजजन विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के नेतृत्व में रैली में सम्मिलित हुए। हाट […]

You May Like