बोलेरो की ठोकर से बाइक सवार चाचा भतीजे की मौत, पुत्र गंभीर रूप से घायल

 

रीवा, चोरहटा थाना क्षेत्र के बहुरी बांध के समीप रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार बोलेरो ने मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो चाचा भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है.

फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई है. जानकारी के अनुसार ग्राम हिनौता के रहने वाले रामलाल साकेत को ड्यूटी पर सीधी जाना था. उन्हें रीवा छोडऩे के लिए उनका बेटा मुकेश साकेत और भतीजा अरुण साकेत एक ही बाइक पर सवार होकर रीवा आ रहे थे. मुकेश मोमोज का ठेला लगाता था और वह पिता को छोडऩे के साथ-साथ अपने ठेले का सामान लेने भी आ रहा था. रविवार की सुबह जैसे ही बाइक सवार चोरहटा थाना क्षेत्र के बहुरी बांध के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सडक़ पर दूर जा गिरे. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल और मृतकों के शवों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने चाचा रामलाल साकेत और भतीजा अरुण साकेत दोनों को मृत घोषित कर दिया. वहीं पुत्र मुकेश साकेत की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज जारी है. पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बोलेरो चालक की तलाश के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Next Post

निगमायुक्त ने गलियारों में घूम देखी व्यवस्थाएं, स्वच्छता टीम की सराहना

Sun Aug 9 , 2026
जबलपुर। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने रविवार सुबह गलियारों में घूम कर व्यवस्थाएं देखी। इसके साथ ही स्वच्छता टीम की सराहना की। व्यापारियों, सफाई संरक्षकों से संवाद कर फीडबैक भी लिया । निगमायुक्त ने गौरीघाट से दौरा प्रारंभ कर छोटी लाइन, तीन पत्ती, मालवीय चौक, बड़ा फुहारा, हनुमानताल, घमापुर, खेरमाई, […]

You May Like