भिंड:जिले के असवार थाना क्षेत्र में बीती रात एक बोलेरो वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक लापता हो गए हैं। आशंका है कि टक्कर के बाद दोनों युवक पास की नहर में गिर गए। पुलिस ने रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया है। घटना लहार से बरहा गांव के बीच नहर की पुलिया के पास हुई।
पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी न होने के कारण हादसे के समय की सटीक जानकारी नहीं मिल सकी है। बोलेरो वाहन लहार की ओर से आ रहा था और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार हेमतपुरा निवासी 60 वर्षीय राजेंद्र सिंह चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार अमरसिंह चौहान और चुन्नू हादसे के बाद से लापता हैं। आशंका जताई जा रही है कि टक्कर के बाद दोनों युवक पुलिया से नीचे बहती नहर में गिर गए। पुलिस और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह से एसडीआरएफ की टीम नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
