
रीवा, रीवा को शनिवार को बड़ी सौगात मिली। रीवा एयरपोर्ट से भोपाल और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा की शुरुआत हो गई।
एयरपोर्ट पर आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि विंध्य के लोगों ने हवाई सेवा का जो सपना बरसों से देखा था वह आज पूरा हो गया है। रीवा से भोपाल और रीवा से कोलकाता की उड़ान शुरू होने के साथ ही पूरा विंध्य अब देश के बड़े महानगरों से हवाई मार्ग से जुड़ गया है।
उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की उड़ान योजना से रीवा एयरपोर्ट के विस्तार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नई विमानन नीति में हवाई सेवा के लिए अनुदान का प्रावधान किए जाने से यह संभव हुआ है। इसके लिए पूरा विंध्य प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभारी है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट की विकास गाथा डबल इंजन सरकार की सफलता का आदर्श उदाहरण है। हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से पूरे विंध्य में पर्यटन, उद्योग और अन्य क्षेत्रों के विकास को नए पंख लगेंगे।
इस अवसर पर नगरीय विकास राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, विंध्य क्षेत्र के सांसद, विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
