बर्फीली हवाएं चली, छूटी कंपकंपी
जबलपुर: नए साल का कड़ाके की ठंड से स्वागत हुआ। रात में घना कोहरा और पहाडिय़ों से आने वाली बर्फीली हवा ने कंपकंपी छुड़ा दी। बुधवार की सुबह भी कोहरे की चादर के साथ हुई। देरी से सूर्यदेव ने दर्शन दिए। दिन में सूरज की तपिश से ठँड से थोड़ी राहत रही लेकिन शाम ढलते ही एक बार फिर मौसम की रंगत बदली और ठंडी हवाएं चली। ठंड से बचने लोग गर्म कपड़े लादकर निकले। इसके साथ ही अलाव भी जले। मौसम विभाग ने शीतलहर और कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया हैं।
यह सिस्टम है सक्रिय–
मौसम विभाग की माने तो पश्चिमी विक्षोभ, पूर्वी अफगानिस्तान एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊँचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में अवस्थित है। नया पश्चिमी विक्षोभ, इराक एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी से 5.8 किमी की ऊँचाई के मध्य चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में अवस्थित है।
रात में गाडिय़ों की लाईटे हो गई बेअसर
देर रात्रि शहर कोहरे की चपेट में रहा। घने कोहरे के चलतेे रांझी, गोकलपुर, खमरिया, अधारताल समेत कई क्षेत्रों में वाहनों की रफ्तार लोगों को धीमी करनी पड़ी। स्ट्रीट लाइटों से लेकर वाहनों की लाइटें बेसर थी।
ऐसा रहा पारा-
बुधवार को अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 97 और शाम को 70 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्वी हवाएं 2 से 3 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।
