
रीवा, मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में लंबित शिकायतों के निराकरण कार्य को गंभीरता से न लेने एवं शिकायतों का समय सीमा में निराकरण न करने पर रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की है. कमिश्नर ने सीधी जिले के परियोजना अधिकारी रामपुर नैकिन – 2 एवं अतिरिक्त प्रभार रामपुर नैकिन – 1 शिवानंद शुक्ला को सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में घोर लापरवाही व उदासीनता बरतने एवं प्रशासनिक उत्तरदायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करने पर मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 नियम 9(1 ) (क ) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उल्लेखनीय है कि 7 अगस्त को मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के तहत सीधी जिले के रामपुर नैकिन विकासखंड के ग्राम पटना कलस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत पटना, मझिगवां, पिपराव एवं बुद्धगौना में मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के उपरांत शिविर आयोजित किया गया था. जिसमें सीएम हेल्पलाइन के लंबित शिकायतों के शत प्रतिशत निराकरण के निर्देश शासन स्तर से प्रदान किए गए थे. अभियान में एल-1 अधिकारियों द्वारा समुचित कार्रवाई कर शत-प्रतिशत निराकरण किया जाना था. किंतु अभियान के अंतर्गत परियोजना अधिकारी शिवानंद शुक्ला द्वारा प्राप्त प्रकरणों के निराकरण में घोर लापरवाही बरती गई. अत: कलेक्टर सीधी के द्वारा प्रेषित निलंबन प्रस्ताव के अनुसार कमिश्नर ने परियोजना अधिकारी श्री शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में श्री शुक्ला का मुख्यालय कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सीधी नियत किया गया है. श्री शुक्ला को नियम अनुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी. कमिश्नर ने सभी विभाग के अधिकारियों को सचेत किया है कि 7 अगस्त से प्रारंभ हुए मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम जो 8 जनवरी 2027 तक चलेंगे, के अंतर्गत सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शत -प्रतिशत पहुंचाना सुनिश्चित करें और आम जनता की शिकायतों का मौके पर तुरंत निराकरण करें. कमिश्नर ने कहा कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
