
जबलपुर। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार बल्देवबाग चौराहे में शनिवार रात्रि लंबा जाम लग गया। जाम इतना भीषण रहा कि वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए। इस दौरान न केवल आम राहगीर परेशान हुए, बल्कि एक एम्बुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही और निकलने की जद्दोजहद करती रही। इस बीच चौराहे पर अ न्य गाडिय़ों की भी लंबी कतारें लगी। इस दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए एक भी ट्रैफिक पुलिस का जवान तैनात नहीं था। जिसका फायदा उठाते हुए वाहन चालक हर तरफ से घुसने की कोशिश करने लगे, जिससे जाम और पेचीदा हो गया था। राहगीरों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे राहगीर पसीने से तर-बतर नजर आए। हालांकि बाद में सूचना पर पुलिस पहुंची इसके बाद काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया जिसके बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली।
सायरन बजाती रही एम्बुलेंस
जाम के दौरान सबसे दर्दनाक मंजर तब देखने को मिला जब एक एम्बुलेंस बीच ट्रैफिक में फंस गई। एम्बुलेंस का सायरन लगातार बजता रहा, लेकिन जगह न होने के कारण वह टस से मस नहीं हो पा रही थी। हालांकि बाद में कड़ी मशक्कत के बाद रास्ता बनवाकर एम्बुलेंस को आगे रवाना किया गया ।
घंटों रेंगते रहे वाहन
इस लंबे जाम में कार, बाइक और ऑटो समेत वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चौराहे पर पुलिस की अनुपस्थिति के कारण वाहन चालक बेतरतीब तरीके से गाडिय़ां फंसाते गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई थी। घंटों वाहन रंगते रहे।
सिग्नल नहीं, हर दिन जाम
बल्देवबाग चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते यातायात सिग्नल निकाले गए थे। जिन्हें अब तक नहीं लगाया गया है । जिसके कारण रोजाना ही ट्रैफिक जाम की समस्या चौराहे पर बनी रहती है और रहागीरों कको परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही दुर्घटनाएं होने की संभावना भी बढ़ जाती है ।
