हर घर तिरंगा अभियान को बनाएं जन-आंदोलन : जायसवाल 

सीधी।हर घर तिरंगा अभियान को जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने सीधी प्रवास के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ चर्चा कर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक सीधी रीती पाठक, विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक, कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी एवं देव कुमार सिंह चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक शासकीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने वाला जन-अभियान है। इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि 9 से 17 अगस्त 2026 तक जिले के सभी विकासखंडों, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएं। घर-घर तिरंगा फहराने के लिए नागरिकों को प्रेरित करने के साथ तिरंगे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए तिरंगा रैली, साइकिल एवं ई-बाइक रैली, तिरंगा प्रदर्शनी, रंगोली, तिरंगा सजावट, प्रभात फेरी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, युवाओं, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को इन कार्यक्रमों से सक्रिय रूप से जोड़ा जाए।

प्रभारी मंत्री ने प्रमुख शासकीय भवनों, विद्यालयों, अस्पतालों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित सजावट और रोशनी करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न स्थानों पर आकर्षक तिरंगा रंगोली, देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत करने के लिए कहा गया।उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। नागरिकों को ध्वज के सम्मानजनक उपयोग एवं निर्धारित नियमों की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी करने और सभी कार्यक्रमों को निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को भी हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ा गया है। अभियान के तहत आयोजित प्रत्यक्ष कार्यक्रमों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराने के साथ देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने वाली गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

प्रभारी मंत्री ने डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर भी जोर देते हुए नागरिकों को हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अभियान की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को डिजिटल माध्यम से अभियान से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए। पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, स्थानीय सामाजिक संगठनों और युवाओं के सहयोग से घर-घर संपर्क कर नागरिकों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाए। अभियान में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी क्षेत्रों में समान रूप से गतिविधियां संचालित की जाएं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक नागरिक के लिए गौरव का अवसर है। हर घर पर तिरंगा फहराना देश के प्रति सम्मान और अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक भागीदारी से ही अभियान को वास्तविक जन-अभियान का स्वरूप मिलेगा।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक घर तक तिरंगे की पहुंच सुनिश्चित करना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीधी को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गौरव के रंग में रंगना है। प्रशासन द्वारा अभियान की तैयारियों को लेकर विभागवार समन्वय और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि 9 से 17 अगस्त तक जिले में हर घर तिरंगा अभियान उत्साह, गरिमा और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित हो।

Next Post

विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा मध्यप्रदेश : देवड़ा

Sat Aug 8 , 2026
मंदसौर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शनिवार को मल्हारगढ़ क्षेत्र के ग्राम खेरखेड़ा में 37 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में […]

You May Like