विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा मध्यप्रदेश : देवड़ा

मंदसौर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शनिवार को मल्हारगढ़ क्षेत्र के ग्राम खेरखेड़ा में 37 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। गांवों से लेकर शहरों तक तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं और शिकायतों का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। शिविरों में प्राप्त आवेदनों को समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है कि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए।

उन्होंने प्रदेश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया गया है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाकर गांव-गांव को आपस में जोड़ा गया है। पहले जिन स्थानों तक पहुंचने में कई घंटे लगते थे, अब बेहतर सड़क सुविधाओं के कारण कम समय में पहुंचना संभव हुआ है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र लोगों को नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

मल्हारगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए देवड़ा ने कहा कि क्षेत्र के गांवों को सड़कों से जोड़ने का काम किया गया है। गांधी सागर बांध का पानी क्षेत्र के प्रत्येक खेत तक पहुंचाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। गेहूं उत्पादन में प्रदेश देश में अग्रणी है। किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के साथ ही हर घर नल से जल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और किसान हित सरकार की प्राथमिकता है।

समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, मदनलाल राठौर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Next Post

चोरी की बाइक का रंग बदलकर सड़कों पर दौड़ा रहा था आरोपी, चेकिंग में दबोचा

Sat Aug 8 , 2026
आलीराजपुर। पुलिस से बचने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल का रंग बदलकर उसका इस्तेमाल करना एक आरोपी को भारी पड़ गया। बखतगढ़ पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी को चोरी की HF Deluxe मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक भी बरामद कर […]

You May Like