
नीमच। नीमच के खिलाडिय़ों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। सिद्धान्त सिंह जादोन और भूमि अग्रवाल का चयन सीनियर मॉडर्न पेंटाथलॉन विश्व चैंपियनशिप के लिए हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन 24 अगस्त 2026 से चीन के गुइयांग शहर में होगा, जहां दोनों खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।मॉडर्न पेंटाथलॉन एक मल्टीस्पोर्ट प्रतियोगिता है, जिसमें खिलाडिय़ों को तैराकी, तलवारबाजी, बाधा दौड़, निशानेबाजी और दौड़ जैसी विभिन्न विधाओं में अपनी क्षमता साबित करनी होती है। यह खेल खिलाडिय़ों की शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ तकनीक, एकाग्रता और मानसिक मजबूती की भी परीक्षा लेता है। सिद्धान्त और भूमि की इस उपलब्धि के पीछे लंबे समय से चल रही मेहनत और निरंतर प्रशिक्षण का अहम योगदान है। मेंटॉर कोच प्रभु मूलचंदानी और मोटिवेटर राकेश कोठारी के मार्गदर्शन में टीम कोच निलेश घावरी, आयुष गौड़, समीर सिंह जादोन, सुधा सोलंकी, रोहित अहीर और अभिषेक अहीर के सानिध्य में दोनों खिलाडिय़ों ने लगातार अभ्यास किया। पेंटाथलॉन अध्यक्ष डॉ. मनीष चमडिय़ा ने दोनों खिलाडिय़ों के चयन पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि नीमच जैसे शहर से दो खिलाडिय़ों का विश्व चैंपियनशिप के लिए चयन होना पूरे जिले और मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है।
गुइयांग में होने वाली इस विश्व चैंपियनशिप में दुनिया के विभिन्न देशों के श्रेष्ठ खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ऐसे में सिद्धान्त और भूमि के सामने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने की बड़ी चुनौती होगी। नीमच के खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत, मध्यप्रदेश और नीमच का नाम विश्व स्तर पर रोशन करेंगे।
