
दमोह। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार भोपाल से आए संयुक्त संचालक (लोक शिक्षण) डॉ. अनुराग जायसवाल द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों तथा अधोसंरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
डॉ. जायसवाल ने परिसर का भ्रमण करते हुए कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और निर्माणाधीन व प्रस्तावित अधोसंरचनात्मक कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अध्यापन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में अधिकारियों एवं शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही परिसर में स्वच्छता और पठन-पाठन का बेहतर वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (ADPC) शरद तिवारी एवं विद्यालय के प्राचार्य आर. पी. पटेल एपीसी राजू गंगारा जिला परीक्षा प्रभारी मनीष कुमार नेमा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
