
रीवा, निगम आयुक्त अक्षत जैन ने शुक्रवार को राजस्व वसूली कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में जोनवार संपत्तिकर वसूली की जानकारी लेते हुए उन्होंने कम वसूली करने वाले सहायक राजस्व निरीक्षकों को कड़ी फटकार लगाई.
लक्ष्य के प्रति न्यूनतम प्रगति पर वार्ड प्रभारी रामनरेश मिश्रा का वेतन रोकने तथा विकास सिंह का वेतन रोकने के साथ एक वेतन वृद्धि रोकने संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. वहीं, जोन क्रमांक-1 की वसूली कम पाए जाने पर एआरओ हेमंत त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए. निगम आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक वार्ड प्रभारी अपनी रणनीति बनाकर प्रतिदिन वार्डों में संपर्क करते हुए टैक्स कलेक्शन का कार्य करें. उन्होंने कहा कि दूसरी तिमाही अंतिम चरण में है एवं अभी केवल 5 प्रतिशत वसूली दर्ज की गई है. उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त निर्देश दिए कि 31 अगस्त तक निगम की कुल डिमांड का 10 प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए. बड़े बकायादारों के विरुद्ध जारी नोटिसों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिन नोटिसों की समय-सीमा पूर्ण हो चुकी है और इसके बावजूद कर जमा नहीं किया गया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कुर्की एवं तालाबंदी की कार्रवाई की जाए.
