मुंबई, 07 अगस्त (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर डॉलर में रही नरमी से शुक्रवार को रुपया मजबूत हुआ।
अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया आज पांच पैसे चढ़ा और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.18 रुपये का बोला गया। पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 14 पैसे टूटकर 95.23 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपया आज सुबह दबाव में था। यह चार पैसे टूटकर 95.27 रुपये प्रति डॉलर पर खुला, लेकिन बाद में इसमें तेजी देखी गयी। यह नीचे 95.29 रुपये और ऊपर 95.16 रुपये प्रति डॉलर तक गया।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक आज 0.3 प्रतिशत टूट गया। इससे रुपये को समर्थन मिला। साथ ही कच्चे तेल के मानक ब्रेंट क्रूड वायदा में 0.30 प्रतिशत की गिरावट का भी भारतीय मुद्रा की मजबूती में योगदान रहा। ब्रेंट क्रूड फिलहाल 82 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर है।
