भोपाल: मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विजय शाह एवं नरेंद्र शिवाजी पटेल ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्रीद्वय ने बताया कि जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव था, उनका तत्काल निराकरण कराया गया, जबकि विस्तृत प्रक्रिया वाले प्रकरणों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी जनसमस्याओं का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता की समस्याओं का पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध निराकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी भी उपस्थित रहे।
