
सिंगरौली । विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने गुरुवार को सांदीपनि शास. उमावि हिर्रवाह में सृजन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में एसपी सियाज केएम ने कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें स्मार्ट सोच, सुरक्षित जीवन और उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने बताया कि सृजन संवाद अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान, कानून, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना है। संवाद के दौरान एसपी ने छात्रों से पूछा, स्मार्ट व्यक्ति कौन होता है, विद्यार्थियों के जवाब पर उन्होंने कहा कि वास्तव में स्मार्ट वही है जो विवेकपूर्ण निर्णय ले, नशे से दूर रहे, साइबर अपराधों से सतर्क रहे, यातायात नियमों का पालन करे और समाज को भी जागरूक बनाए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, जीरो एफआईआर, महिला एवं बाल सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर, नशे के दुष्परिणाम और पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल पूछे, जिनका एसपी ने सरल उदाहरणों के साथ समाधान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य केके द्विवेदी, विद्यालय स्टाफ एवं सुबेदार आशीष तिवारी, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी समेत अन्य मौजूद रहे।
