नई दिल्ली, देश की प्रमुख दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने मोबाइल रीचार्ज की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी के स्पष्ट संकेत दिए हैं। कंपनी का मानना है कि वर्तमान में बहुत कम कीमत पर असीमित डेटा उपलब्ध कराया जा रहा है, जो लंबे समय तक टिकाऊ नहीं है।
असीमित डेटा और शुल्क ढांचे में सुधार
एयरटेल के कार्यकारी वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने विश्लेषकों के साथ चर्चा में स्पष्ट किया कि शुल्क ढांचे में सुधार का उद्देश्य केवल दरें बढ़ाना नहीं, बल्कि मोबाइल योजनाओं की संरचना को अधिक संतुलित बनाना है। कम कीमत वाले अनलिमिटेड डेटा पैक से प्रति उपयोगकर्ता औसत आय (ARPU) की वृद्धि सीमित होती है।
शानदार मुनाफे के बावजूद बदलाव की जरूरत
एक तरफ जहां अप्रैल-जून तिमाही में एयरटेल का शुद्ध लाभ 37 प्रतिशत बढ़कर 8,167 करोड़ रुपये पहुंच गया है, वहीं कंपनी भारत में अंतरराष्ट्रीय मानकों की तर्ज पर अधिक तर्कसंगत और संतुलित शुल्क ढांचा लागू करने की तैयारी कर रही है।

