
भोपाल। राजधानी के कोहेफिजा स्थित लालघाटी चौराहे पर बीती रात एक बेकाबू हुई तेज रफ्तार क्रेटा कार ने जमकर तबाही मचाई। कार ने पहले आटो स्टैंड पर खड़े 2 आटो को टक्कर मारने के बाद सडक़ पार कर दूसरी तरफ स्थित एक रेस्टॉरेंट में घुस गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी, कि दुकान का शटर और पिलर टूट गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। हादसे के बाद कार में सवार सभी युवक मौके से भाग निकले। पुलिस ने रेस्टॉरेंट संचालक की रिपोर्ट पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रघुवीर यादव (50) सिंगारचोली एयरपोर्ट रोड पर रहते हैं और लालघाटी चौराहे पर जय मातादी नाम से रेस्टारेंट का संचालन करते हैं। रघुवीर ने पुलिस को बताया कि बीती रात करीब ढाई बजे एक सफेद रंग की क्रेटा कार का चालक अपनी कार को तेजी और लापरवाही तरीके चलाते हुए गांधी नगर की तरफ से आया और आटो स्टैंड पर खड़े दो आटो में जोरदार टक्कर मार दी। आटो में टक्कर मारने के बाद अनियनियंत्रित हुई कार सडक़ पार करते हुए रघुवीर के रेस्टॉरेंट में घुस गई। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि दुकान का मुख्य पिलर टूट गया और उसमें लगा शटर भी उखड़ गया। दुकान के अंदर रखा पूरा सामान तहस-नहस हो गया। पिलर टूटने से दुकान की छत गिर सकती थी, इसलिए दुकानदार ने भीतर जाकर सामान का जायजा नहीं लिया। हादसे के बाद कार में सवार सभी लोग उतरकर भाग निकले। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बुलेट की टक्कर से बाइक सवार दंपति घायल
इसी इलाके में एक तेज रफ्तार बुलेट ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी, जिससे पति को गंभीर चोट आई है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले बुलेट चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार बीडीए कालोनी लालघाटी निवासी अंकित नगर निगम में काम करते हैं। कल रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से लालघाटी स्थित आटो स्टैंड से बीडीए कालोनी की तरफ जा रहे थे। तोप तिराहा पहुंचते ही गुफा मंदिर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बुलेट के चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे अनिल पत्नी समेत सडक़ पर गिरकर घायल हो गए। उनके पैर में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद उन्होंने हमीदिया अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया और बाद में थाने जाकर एक्सीडेंट की रिपोर्ट दर्ज कराई।
