
जबलपुर। आम जनता की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित हुई। सुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचे शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं।
जनसुनवाई में कुल 78 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले पति-पत्नी एवं पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी विवाद, मारपीट तथा साइबर अपराध से जुड़े रहे। शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को वैधानिक प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त किया गया कि प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को मामलों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय बी.एस. गोठरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती आकांक्षा उपाध्याय भी उपस्थित रहीं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर और देहात के थानों तथा चौकियों में भी जनसुनवाई कर लोगों की शिकायतें सुनी गईं।
