
ग्वालियर: सिरोल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बलेनो कार ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए, जबकि कार चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार सरकारी स्कूल के पास रहने वाले पवन वघेल (24) अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। उनके साथ दूसरी बाइक पर अरविंद लोधी और अवनीश भी थे। पुराने थाने के सामने तेज गति से आई बलेनो कार ने दोनों मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में अरविंद और अवनीश घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर लिया है। वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
