नयी दिल्ली, मौसम विभाग ने आज देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। IMD के अनुसार, यूपी- बिहार और उत्तराखंड में अगले 24 घंटे बेहद अहम होने वाले हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज, 5 अगस्त को देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 12 से 24 घंटों के भीतर इन राज्यों में न केवल बादल बरसेंगे, बल्कि 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की भी संभावना है।
गुजरात और असम जैसे राज्य पहले से ही भीषण बाढ़ की चपेट में हैं, ऐसे में नई चेतावनी ने प्रशासन और आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। IMD ने साफ किया है कि भारी वर्षा के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों के निचले हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
आज दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल राहत की खबर है। 5 से 8 अगस्त के बीच दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है। 5 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि दिल्ली के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन रुक-रुक कर होने वाली फुहारें मौसम को खुशनुमा बनाए रखेंगी।
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?
यूपी में मानसून सबसे ज्यादा सक्रिय दिख रहा है। लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद और प्रयागराज समेत कई जिलों में 5 से 7 अगस्त के दौरान भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। खास तौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 अगस्त को बेहद भारी बारिश हो सकती है।
बिहार में रेड अलर्ट जैसी स्थिति
वहीं बिहार में भी 5 और 6 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है, जिससे नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। इसके अलावा बिजली चमकने और करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी पूर्वानुमान है।
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा आज का मौसम?
देवभूमि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और अल्मोड़ा समेत कई जिलों में 5 अगस्त को बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का जोखिम भी जताया है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी और कुल्लू जैसे पर्यटन स्थलों पर भी 10 अगस्त तक भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है, जिससे यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
राजस्थान और पंजाब में भी बदला मौसम का मिजाज
राजस्थान में बारिश का दौर अलग-अलग चरणों में दिखेगा। 6 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 7 से 9 अगस्त के दौरान मानसून जोर पकड़ेगा। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला समेत कई जिलों में भी आज यानी 5 अगस्त को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
दक्षिण भारत के केरल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात गंभीर बना दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के आठ प्रमुख जिलो पत्तनमथिट्ठा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्णाकुलम, वायनाड और कन्नूर समेत अन्य प्रभावित जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट और दो जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी मानसून की सक्रियता बनी हुई है।
