
शुजालपुर, आष्टा मार्ग पर मंगलवार को कांवड़ यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार ग्राम अमलाय पत्थर, गुर्दाखेड़ी एवं निपानिया की संयुक्त कावड़ यात्रा शुजालपुर आ रही थी. देहंडी जोड़ के समीप कोल्ड स्टोरेज के सामने डीजे पर खड़े एक युवक द्वारा रॉड लगा ध्वज लहराया जा रहा था. इसी दौरान रॉड ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे युवक करंट की चपेट में आ गया. जिससे उसकी मौत हो गई. साथ ही एक अन्य 12 वर्षीय बालिका भी करंट की चपेट में आई, जिसको उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जानकारी के अनुसार जटाशंकर महादेव मंदिर शुजालपुर में जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालुओं की यह कांवड़ यात्रा सुबह लगभग 11 बजे अमलाय से प्रारंभ हुई. इस कावड़ यात्रा में महिलाएं व पुरूष भगवान के भजनों की प्रस्तुति देते चल रहे थे. यह यात्रा जब देहंडी जोड़ के समीप कोल्ड स्टोरेज के सामने पहुंची, तो यात्रा में आगे चल रहे डीजे की छत पर खड़े होकर अमलाय निवासी युवक संतोष पिता हरिसिंह गेहलोत 36 वर्ष स्टील रॉड में लगे ध्वज हो लहरा रहा था. तभी यह रॉड ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार से टकरा गई और करंट लगने से संतोष डीजे से नीचे गिर गया. उधर, डीजे को पकड़ कर चल रही 12 वर्षीय लक्ष्मी पिता अर्जुन मेवाड़ा निवासी अमलाय को भी करंट लगा, दोनों को निजी वाहन से सिविल अस्पताल शुजालपुर लाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच उपरांत संतोष को मृत घोषित कर दिया.
हादसे के बाद क्षेत्र में छाई शोक की लहर
करंट से घायल हुई लक्ष्मी मेवाड़ा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया. जहां उसकी हालत में सुधार है. कावड़ यात्रा में हुई इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक छा गया और यात्रा में शामिल कावडिय़े वापस गांव चले गए. मृतक संतोष के शव का परीक्षण सिविल अस्पताल शुजालपुर में करवाने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम किया.
