दशपुर की गौरवशाली परंपरा को मिला नया आयाम

मंदसौर। सैनिकों के सम्मान एवं राष्ट्रसेवा की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सैनिक सम्मान अभियान के तहत 794वें एवं 795वें सैनिक सम्मान के रूप में भारतीय सेना से 22 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए नायक श्याम गुर्जर निवासी ग्राम गुर्जरबड़िया, मंदसौर एवं नायक राजकुमार पाटीदार निवासी ग्राम केलुखेड़ा, नीमच का नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, सामाजिक एवं सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की।

सैनिक सम्मान यात्रा का शुभारंभ भारत माता चौराहा स्थित भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं अमर शहीद उधम सिंह की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रनायकों को नमन किया गया। भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के जयघोष के बीच दोनों वीर सैनिकों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

सैनिक सम्मान अभियान के संयोजक विनय दुबेला ने कहा कि सैनिक सम्मान अभियान अब केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि 22 वर्षों तक देश की सेवा करने वाले दोनों सैनिकों के त्याग एवं समर्पण पर मंदसौर अंचल को गर्व है। उन्होंने युवाओं से सेना एवं सुरक्षा बलों में भर्ती होकर राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

भाजपा नेता अनिल कियावत ने कहा कि सैनिकों का सम्मान राष्ट्र के स्वाभिमान का सम्मान है। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिलाध्यक्ष मुकेश गुर्जर ने कहा कि समाज द्वारा सैनिकों को दिया गया सम्मान उनका मनोबल बढ़ाता है तथा युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।

इस अवसर पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद, सैनिक सम्मान अभियान समिति, जय भारत मंच, जिला धार्मिक उत्सव समिति, पंछी बचाओ अभियान समिति सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। योग गुरु बंसीलाल टाक, डॉ. रविंद्र पांडे, अजीजुल्लाह खान, दिनेश सोलंकी, राजाराम तंवर, दशरथ सिंह चौहान, हरीश सालवी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं पूर्व सैनिकों ने सैनिकों का सम्मान किया।

कार्यक्रम के पश्चात दोनों वीर सैनिक अपने परिजनों के साथ गृह ग्रामों के लिए रवाना हुए, जहां ग्रामीणों एवं समाजजनों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं वीर सैनिकों के सम्मान में जयघोष के साथ हुआ। संचालन दीपक राठौर ने किया तथा आभार हरीश सालवी ने माना।

Next Post

श्रावण माह के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Mon Aug 3 , 2026
दमोह/पथरिया। श्रावण माह के प्रथम सोमवार को नगर के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रावण […]

You May Like