
मंडला। जिले के नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान से टकरा गई। हादसे में वाहन में सवार एक महिला और एक स्कूली छात्रा घायल हो गईं। दोनों को हाईवे हेल्पलाइन 1033 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।बीमार छात्रा को रेफर कर मंडला लाया जा रहा था
जानकारी के अनुसार, सिझोरा आवासीय विद्यालय की एक छात्रा की तबीयत खराब होने पर उसे पहले बिछिया अस्पताल ले जाया गया था। वहां से डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल मंडला रेफर कर दिया। छात्रा को बोलेरो से मंडला लाया जा रहा था।बाइक बचाने में चालक ने खोया नियंत्रण
ठोंडा के पास अचानक एक मोटरसाइकिल सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क किनारे बने मकान की दीवार से जा टकराई।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि बीमार छात्रा का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने छात्रा के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे भी अस्पताल पहुंच गए।
