
इंदौर. 11 अधिकारी सोमवार को अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवा से विदा हुए. पलासिया स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों और उनके परिजनों की मौजूदगी में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों का सम्मान किया. वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं.
समारोह में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आरके सिंह ने सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में लंबे समय तक चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए अधिकारियों ने जनता की सेवा की है. अब जीवन की नई पारी में स्वयं और परिवार को समय देने का अवसर है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें, अपनी रुचियों को आगे बढ़ाएं और अपने अनुभवों से पुलिस परिवार के साथियों का मार्गदर्शन करते रहें. उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी पुलिस परिवार से उनका जुड़ाव बना रहेगा. समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपनी सेवाकाल की यादें और अनुभव साझा किए। विदाई के दौरान कई साथी भावुक नजर आए. सेवानिवृत्त होने वालों में निरीक्षक शिवकुमार पटेल, उपनिरीक्षक संत बहादुर सिंह, मुकुंदीलाल अहिरवार, उपनिरीक्षक (अ) कला क्षेत्री, सहायक उपनिरीक्षक प्रेमसिंह चौहान, लेओस कुजूर, माखनलाल पटेल, संजय सिसौदिया, हरिओम दाईपुरिया, शिवराज सिंह गुर्जर और आरक्षक मदन कुमार शर्मा शामिल रहे.
