हनुमान लोक में दुकानों की नीलामी का विरोध जारी,स्थानीय व पुराने दुकानदारों को प्राथमिकता देने की उठी मांग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सौसर, प्रसिद्ध चमत्कारिक हनुमान मंदिर जाम सांवली परिसर में नवनिर्मित हनुमान लोक की दुकानों की नीलामी प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। नीलामी में स्थानीय निवासियों, पुराने दुकानदारों और आरक्षित श्रेणियों की अनदेखी किए जाने का ट्रस्ट पर आरोप लगाते हुए सोमवार को क्षेत्रीय विधायक विजय चौरे के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सौसर एसडीएम को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

 

*​20-25 वर्षों से कार्यरत दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट*

 

​विरोध जता रहे दुकानदारों ने बताया कि वे पिछले 20 से 25 वर्षों से मंदिर परिसर के पास हार-फूल, पूजन सामग्री और अन्य सामान बेचकर अपने परिवारों का भरण-पोषण करते आ रहे हैं। इसके बावजूद इस नीलामी प्रक्रिया में पुराने दुकानदारों को कोई प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। दुकानदारों ने ट्रस्ट की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति की नाश्ते की दुकान है, उसे फूल की दुकान संचालित करने के लिए कहा जा रहा है।

 

*​पूंजीपतियों को प्रश्रय, स्थानीय युवाओं के रोजगार पर डाका*

 

​ज्ञापन में दावा किया गया है कि एक बड़ी दुकान लगभग 5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में हल्दीराम जैसे बड़े ब्रांड को नीलाम की जा रही है। क्षेत्रवासियों का सवाल है कि यदि बाहर के करोड़पति लोग यहाँ दुकानें खरीदेंगे, तो सौसर क्षेत्र के स्थानीय युवाओं और मध्यम वर्गीय परिवारों के रोजगार का क्या होगा? नीलामी राशि इतनी अधिक रखी गई है कि आम नागरिक यहाँ दुकान लेने की सोच भी नहीं सकता।

 

*नियमों की अनदेखी का आरोप*

 

​प्रदर्शनकारियों के अनुसार, शासन के स्पष्ट निर्देशानुसार ऐसी नीलामी प्रक्रियों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को प्राथमिकता व आरक्षण दिया जाना अनिवार्य है। लेकिन ट्रस्ट द्वारा प्रकाशित सार्वजनिक विज्ञापन में किसी भी प्रकार के आरक्षण या पुराने दुकानदारों को प्राथमिकता देने का उल्लेख तक नहीं है।

 

​इसके अलावा, विज्ञापन में प्रकाशित दुकान नंबरों के अलावा कई दुकानों को नीलामी प्रक्रिया से बाहर रखने पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने पूछा कि क्या उन दुकानों की नीलामी पहले ही गुपचुप तरीके से की जा चुकी है?

 

*​माँग पूरी न होने पर 5 अगस्त को उग्र आंदोलन की चेतावनी*

 

​विधायक विजय चौरे ने अपने संबोधन में कहा कि हनुमान लोक सभी की श्रद्धा और आस्था का केंद्र है। इसलिए दुकानों की नीलामी राशि को तत्काल कम किया जाना चाहिए और वर्षों से सेवा दे रहे स्थानीय दुकानदारों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। नवभारत से चर्चा में विधायक विजय चौरे ने कहा कि यदि प्रशासन और ट्रस्ट ने जल्द से जल्द स्थानीय दुकानदारों के हित में नीलामी नीति में संशोधन नहीं किया, तो 5 अगस्त को जाम सांवली मंदिर के समक्ष सड़क पर समस्त क्षेत्रवासियों के साथ उग्र धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन के अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता नेता और पुराने दुकानदार उपस्थित रहे।

Next Post

दमोह में होगा संभागीय सम्मेलन, रूपरेखा को लेकर हुई बैठक

Mon Aug 3 , 2026
दमोह। वैश्य महासम्मेलन मध्यप्रदेश के शिरोमणि संरक्षक उमा शंकर गुप्ता व प्रदेश अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल के निर्देशानुसार संभागीय सम्मेलन आयोजित किए जा रहे है। उसी क्रम के दमोह में होने वाले संभागीय सम्मेलन की रूपरेखा हेतु दमोह कोर कमेटी की बैठक जिला अध्यक्ष दमोह के सी अग्रवाल के निवास में […]

You May Like