
सीधी । थाना जमोड़ी पुलिस की त्वरित कार्रवाई में नाबालिग अपहृता दस्तयाब की गई। पॉक्सो एक्ट एवं दुष्कर्म की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस अधीक्षक
संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना जमोड़ी पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपहृता को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया है। प्रकरण में पीड़िता के कथनों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पॉक्सो एक्ट एवं दुष्कर्म संबंधी धाराओं की वृद्धि की गई है तथा एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार
फरियादिया द्वारा थाना जमोड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री जो कक्षा 10वीं की छात्रा है, दिनांक 19 जुलाई 2026 को घर से लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा आसपास एवं रिश्तेदारी में तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका व्यक्त करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट प्राप्त होते ही थाना जमोड़ी पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर बालिका की तलाश प्रारंभ की। पुलिस टीम द्वारा सतत प्रयास, तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर बालिका को दिनांक 01 अगस्त 2026 को नया बस स्टैंड सीधी क्षेत्र से सुरक्षित दस्तयाब किया गया।
जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि पीड़िता आरोपी बालक को पूर्व से जानती थी। आरोपी बालक पीड़िता को नया बस स्टैंड सीधी बुलाकर अपने साथ बस से अहमदाबाद ले गया तथा किराए के कमरे में रखकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म भी किया। बाद में वह उसे सीधी लेकर आया, जहां से पुलिस ने बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया। पीड़िता के कथनों के आधार पर प्रकरण में पॉक्सो एक्ट एवं दुष्कर्म संबंधी धाराओं की वृद्धि की गई। प्रकरण में संलिप्त विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर उसके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक वैधानिक प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात पीड़िता को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
