देश के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज

नयी दिल्ली, 02 अगस्त (वार्ता) मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर काफी तेज हो गयी हैं। विभाग के अनुसार, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में हालांकि कुल बारिश में कुछ कमी देखने को मिल सकती है, लेकिन अगले दो दिनों के दौरान तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। अगले पांच दिनों के दौरान इस समूचे क्षेत्र में व्यापक रूप से बहुत अधिक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। इसके साथ ही अगले चार-पांच दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी हिमालय की तलहटी वाले इलाकों में भी मानसूनी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई राज्यों में भीषण बारिश दर्ज की गयी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, केरल, तमिलनाडु और तटीय तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अत्यंत भारी बारिश (21 सेमी या उससे अधिक) दर्ज की गयी। इसके अलावा, सौराष्ट्र और मध्य महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में बहुत भारी बारिश (12-20 सेमी) हुई है। पूर्वी राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, सिक्किम, ओडिशा, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और कोंकण के इलाकों में भारी बारिश (7-11 सेमी) दर्ज की गयी। उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दो से आठ अगस्त के दौरान व्यापक स्तर पर वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बौछारों के साथ भूस्खलन की आशंका भी बनी रहेगी।

मैदानी इलाकों में हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में तीन से सात अगस्त के बीच कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं के चलने के अनुमान हैं। इन राज्यों में 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो बढ़कर 50 किमी/ घंटा तक पहुंच सकती हैं।
राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों की बात करें तो दो से पांच अगस्त के दौरान आसमान में आमतौर पर बादल छायी रहेंगे। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है और तेज झोंके वाली हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कृषि क्षेत्र के लिए सलाह जारी करते हुए कहा है कि भारी बारिश वाले क्षेत्रों में किसान फसलों से अतिरिक्त जल की निकासी तुरंत सुनिश्चित करें। साथ ही, आम लोगों और स्थानीय प्रशासन को निचले इलाकों में जलभराव तथा यातायात बाधित होने जैसी स्थितियों को लेकर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

.....

Next Post

मैनिट से मुख्यमंत्री का संदेश: "नशे से दूरी, सुनहरी संकल्प"

Sun Aug 2 , 2026
भोपाल। मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए “नशे से दूरी, सुनहरी संकल्प” अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और नशा उनके भविष्य, परिवार और […]

You May Like