ट्रंप ने ईरान पर प्रस्तावित हमला रोका, सऊदी क्राउन प्रिंस ने तनाव कम करने का किया आग्रह

मास्को, 02 अगस्त (स्पुतनिक/वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ होने वाले समझौते के मद्देनजर उन्होंने ईरान पर किए जाने वाले हमले को रद्द कर दिया है।

श्री ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा, “दुनिया के भविष्य के फ़ायदे और एक सफल एवं समृद्ध ईरान के लिए, मैंने हमला रद्द करने पर सहमति व्यक्त की है बशर्ते कि जल्द ही कोई समझौता हो सके। इज़रायल भी इस प्रतिबद्धता में मेरे साथ है।”

इससे पहले, शनिवार को श्री ट्रंप ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से फ़ोन पर बातचीत की थी। जानकारी रखने वाले सूत्रों के हवाले से ‘एक्सियोस’ ने बताया कि सऊदी नेता ने ईरान पर बड़े हमले करने की अमेरिका की योजनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की।

एक और सूत्र ने एक्सियोस को बताया कि क्राउन प्रिंस ने श्री ट्रंप से तनाव कम करने और ईरान पर हमले से बचने का आग्रह किया था।

एक और जानकारी के अनुसार, होर्मुज़ जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर सहमति बनाने की कोशिश में कतर के प्रतिनिधियों ने शनिवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची, अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकोफ़ और ओमान के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बातचीत की। खबरों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच कुछ प्रगति हुई है हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि क्या इससे तनाव कम करने में मदद मिलेगी।

प्रेस टीवी ने पहले खबर दी थी कि श्री अरागची ने सऊदी विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान अल सऊद से फोन पर बात की थी और पश्चिम एशिया के देशों को चेतावनी दी थी कि अगर वे ईरान के खिलाफ अमेरिकी हमलों में मदद करते हैं, तो इसके लिए वे जिम्मेदार होंगे।

सीबीएस ने पहले सूत्रों के हवाले से बताया था कि अमेरिका और इज़रायल ईरान की उर्जा अवसंरचना पर बड़े पैमाने पर हमले की तैयारी कर रहे हैं, जो इसी सप्ताह हो सकता है।

आठ जुलाई को ट्रंप ने घोषणा की कि 18 जून की रात ईरान के साथ हुआ युद्धविराम अब लागू नहीं है। आठ जुलाई के बाद से, अमेरिकी सेना ने ईरान पर कई हमले किए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया कि यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों के खिलाफ तेहरान के हमलों के जवाब में की गई थी।

ईरानी सेना ने कई मध्य-पूर्वी देशों में अमेरिकी ठिकानों पर हमले करके जवाब दिया। तेहरान ने वाशिंगटन पर लड़ाई रोकने के समझौते का उल्लंघन करने का आरोप भी लगाया।

 

Next Post

एफपीआई का निवेश जुलाई में 40 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़ा

Sun Aug 2 , 2026
मुंबई, 02 अगस्त (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने जुलाई में भारतीय पूंजी बाजार में 40,031 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया जो 22 महीने का उच्चतम स्तर है। शुद्ध निवेश का मतलब है कि उनका निवेश इतना बढ़ा है। यह उनके द्वारा बाजार में लगायी गयी पूंजी और निकाली […]

You May Like