खेल मैदान बचाने सड़क पर उतरे खिलाड़ी, क्रिकेट-फुटबॉल खेलकर जताया विरोध

नीमच। शहर के ऐतिहासिक खेल मैदान को बचाने की मांग को लेकर शनिवार सुबह मैदान बचाओ समिति के बैनर तले भारत माता चौराहा (फोर जीरो) पर खिलाडिय़ों और नागरिकों ने अनोखा प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। समिति के सदस्यों ने सडक़ पर क्रिकेट और फुटबॉल खेलकर शासन, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि यदि खेल मैदान समाप्त हो गए तो भविष्य में बच्चों और खिलाडिय़ों को मजबूरन सडक़ों पर ही खेलना पड़ेगा।

समिति ने स्पष्ट किया कि उसका विरोध संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल के निर्माण से नहीं है, बल्कि शहर के प्रमुख खेल मैदान में स्कूल भवन बनाए जाने का है। समिति का कहना है कि शिक्षा और खेल दोनों समाज के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। इसलिए स्कूल का निर्माण किसी उपयुक्त वैकल्पिक भूमि पर किया जाए और वर्तमान खेल मैदान को खिलाडिय़ों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए सुरक्षित रखा जाए।

प्रदर्शन के दौरान समिति के सदस्यों ने कहा कि यह मैदान वर्षों से क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यदि यहां निर्माण कार्य किया जाता है तो शहर के हजारों खिलाडिय़ों और युवाओं के पास अभ्यास एवं खेलकूद के लिए उपयुक्त स्थान नहीं बचेगा।

समिति ने बताया कि सडक़ पर क्रिकेट और फुटबॉल खेलना केवल एक प्रतीकात्मक प्रदर्शन था। इसका उद्देश्य जनता को जागरूक करना तथा शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को यह संदेश देना था कि यदि आज खेल मैदानों का संरक्षण नहीं किया गया तो आने वाले समय में बच्चों को सडक़ों पर खेलना पड़ेगा।

समिति ने शहरवासियों से इस जनहित अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति या संस्था के विरोध में नहीं, बल्कि शहर की भावी पीढिय़ों के खेल, स्वास्थ्य और भविष्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। समिति ने पुन: मांग दोहराई कि खेल मैदान को यथावत सुरक्षित रखते हुए संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल का निर्माण वैकल्पिक भूमि पर किया जाए, ताकि शिक्षा और खेल दोनों का संतुलन बना रहे।

प्रदर्शन में मैदान बचाओ समिति के पदाधिकारी, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में शहर के खेल मैदान को सुरक्षित रखने की मांग उठाई।

Next Post

राम मंदिर में चंदा चोरी मामले में भड़की कांग्रेस, भाजपा कार्यालय के घेराव का प्रयास

Sat Aug 1 , 2026
जबलपुर। राममंदिर में चंदा चोरी पर जबलपुर के भाजपा के सांसद, विधायक, पार्षद, महापौर की चुप्पी के खिलाफ शनिवार को कांग्रेस भड़क उठी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगातार हो रहे पेपर लीक, बढ़ती बेरोज़गारी, महंगाई, भ्रष्टाचार तथा जनसरोकारों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी भाजपा सरकार के खिलाफ […]

You May Like