पत्नी की शिकायत,पति बना कातिल

सिंगरौली । चितरंगी थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने खुलासा किया कि मृतक द्वारा आरोपी की पत्नी से कथित छेड़छाड़ किए जाने से नाराज पति ने पत्नी के साथ मिलकर सुनियोजित ढंग से टांगी से वार कर हत्या की थी।

एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खुलासे एवं गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की थी। एसपी ने मीडिया कर्मियों को जानकारी देते हुये अंधी हत्या गुत्थी को सुलझाने का दावा करते हुये बताया कि 30 जुलाई को परसौना निवासी बल्लू यादव उम्र 24 वर्ष भैस चराकर घर लौटा, दूध देकर वापस आया और परिजनों से यह कहकर निकला कि उसे नंदे चाचा ने बुलाया है। देर रात करीब 8 बजे उसके चाचा ने सूचना दी कि गेहुआरी टोला भड़होर के पास सड़क किनारे बल्लू का शव खून से लथपथ पड़ा है। उसके चेहरे और गर्दन पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान थे। मृतक के पिता संतोष यादव की रिपोर्ट पर थाना चितरंगी में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

पूरे अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक सियाज केएम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा एसडीओपी ललित बैरागी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक सुधेश तिवारी ने किया। विवेचना और आरोपियों की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक आरके वर्मा, उमेश तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक रमेश कोल, रमेश साकेत, विशेषर साकेत, सतीश दीक्षित सहित थाना स्टाफ, एफएसएल यूनिट रीवा और डॉग स्क्वॉड रीवा की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर अंधी हत्या का पर्दाफाश हो गया।

मृतक कई बार किया था छेड़खानी

एसपी ने आगे बताया कि घटनास्थल पर थाना प्रभारी सुधेश तिवारी पुलिस बल, एफएसएल यूनिट और डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंचे। वैज्ञानिक साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रामायण कोल उम्र 25 वर्ष एवं उसकी पत्नी प्रियंका कोल उम्र 23 वर्ष दोनों निवासी भड़होर को हिरासत में लेकर पूछतांछ की। पूछतांछ में प्रियंका ने बताया कि पति के बाहर रहने के दौरान मृतक बल्लू उससे कई बार कथित रूप से छेड़छाड़ करता था। यह बात उसने अपने पति को बताई थी। इसके बाद दोनों ने योजना बनाकर 30 जुलाई को बल्लू यादव की टांगी से गले पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 31 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।

Next Post

दादाजी धाम पहुंचा मकराना का पांचवां संगमरमर पिलर, मंदिर निर्माण को मिली नई रफ्तार

Sat Aug 1 , 2026
खंडवा। खंडवा स्थित दादाजी धाम में बन रहे भव्य मंदिर के निर्माण कार्य के लिए राजस्थान के मकराना से एक और संगमरमर का पिलर पहुंच गया है। शुक्रवार, 31 जुलाई को पहुंचे इस पिलर को भक्त निवास के पास सुरक्षित रूप से उतारा गया। इसके साथ ही अब तक मकराना […]

You May Like